रैगांव विधानसभा क्षेत्र को मप्र की आदर्श विधानसभा बनाना है लक्ष्य : राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी
- बरबारू में पीसीसी सड़क का किया लोकार्पण
सतना, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि हमारा लक्ष्य रैगांव विधानसभा क्षेत्र को मध्य प्रदेश की एक आदर्श विधानसभा बनाना है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और सिंचाई, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
राज्यमंत्री बागरी ने रविवार को ग्राम पंचायत मोरा-दुर्गापुर अंतर्गत ग्राम बरबारू में नवनिर्मित पीसीसी सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सिंहपुर मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री ने कहा कि बरगी व्यपवर्तन परियोजना अंतर्गत 17 वर्षों बाद स्लीमनाबाद (कटनी) टनल का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे सतना जिले की लगभग 1.25 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसमें से 52,600 हेक्टेयर भूमि रैगांव विधानसभा क्षेत्र की है, जिससे इस क्षेत्र के किसानों को सबसे अधिक लाभ प्राप्त होगा। सड़क विकास के संबंध में उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के 12 मार्ग (77 किलोमीटर) 53.88 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 13 मार्गों पर कार्य प्रगति पर है और 13 मार्ग निविदा प्रक्रिया में हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 21 नए मार्ग (178.60 किलोमीटर) 443.78 करोड रूपये़ की लागत से प्रस्तावित किए गए हैं, जो क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल है। इसके अलावा 103 संपर्कविहीन बसाहटों को जोड़ने हेतु 77 किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में 5 सांदीपनी विद्यालयों की स्वीकृति दी गई है। रैगांव में 35.7 करोड़ रुपये की लागत से सीएम राइज विद्यालय निर्माणाधीन है, जबकि सिंहपुर में 5 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास स्वीकृत किया गया है। 60 विद्यालयों के शौचालयों की मरम्मत पूरी की जा चुकी है तथा 34 आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत किए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 6.5 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। रैगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन कार्य प्रगति पर है। साथ ही अस्पतालों को आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। किसानों एवं ग्रामीणों की सुविधा के लिए सिंहपुर में खाद भंडारण हेतु डबल लॉक की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। क्षेत्र में 78 स्थानों पर सोलर लाइट लगाई गई हैं, 40 स्थानों पर ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए गए हैं तथा पेयजल एवं अग्निशमन के लिए टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन के तहत शिवराजपुर में 100 मेगावाट का सोलर पार्क एवं कोठी के नयागांव में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। नगरीय विकास के अंतर्गत नगर परिषद कोठी में 14.47 करोड़ रुपये के 13 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 6 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। साथ ही धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार के कार्य भी प्रगति पर हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि मेरा प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और रैगांव को एक आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
राज्यमंत्री ने सुनी आमजनों की समस्यायें
राज्यमंत्री बागरी ने विधानसभा क्षेत्र कार्यालय सतना में आयोजित जनता दरबार में जिले की आम जनता एवं अन्य गणमान्य नागरिक द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं से रूबरू हुईं। राज्यमंत्री बागरी द्वारा समस्याओं का निराकरण विभिन्न विभाग से आये अधिकारियों द्वारा कराया गया और जिन समस्याओं का निराकरण शासन स्तर पर किया जाना है। उसके लिये प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिये गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

