home page

राजगढ़ः एमएफआई मशीन के दो पहिए पटरी से उतरे, पांच घंटे ठप रहा रेल यातायात

 | 
राजगढ़ः एमएफआई मशीन के दो पहिए पटरी से उतरे, पांच घंटे ठप रहा रेल यातायात


राजगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रुठियाई -मक्सी रेल रुट पर ब्यावरा स्टेषन के पास चमारी गांव पुलिया पर सोमवार शाम रेलवे मेंटनेंस कार्य के दौरान बड़ा तकनीकी हादसा हो गया, जिसमें मल्टी पर्पज टैंपिंग मशीन (एमएफआई) के दो पहिए पटरी से उतर गए,जिससे रेल लाइन पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना के चलते ब्यावरा और सारंगपुर स्टेशन के बीच नागदा -बीना, दोंड-ग्वालियर, इंदौर-कोटा और ओखा-गोरखपुर सहित चार यात्री ट्रेनें ट्रैक पर ही खड़ी रही। करीब 5 घंटे की देरी के कारण यात्रियों को भीषण गर्मी और इंतजार का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे। हाइड्रोलिक जैक और भारी क्रेन की मदद से मशीन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू किया गया।

रेलवे टीम ने लगभग 4.30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 8ः30 बजे मशीन के पहियों को ट्रैक पर स्थापित कर दिया। इसके बाद रुकी हुई ट्रेनों को ब्यावरा स्टेशन की तीसरी लाइन से निकाला गया और देर रात तक रेल यातायात धीरे-धीरे सुचारू किया गया। घटना प्लेटफॉर्म नंबर 1 की ओर आने वाले ट्रैक पर हुई, जिससे प्लेटफॉर्म 1 और 2 दोनों की व्यवस्था प्रभावित हो गई। ट्रैक बाधित होने के कारण कई ट्रेनों को 2 से 2.5 घंटे तक देरी से चलाना पड़ा। हालांकि प्लेटफॉर्म नंबर 3 के तैयार होने से मशीन हटते ही ट्रेनों को तीसरी लाइन से निकालकर संचालन सामान्य किया गया।

ब्यावरा रेलवे प्रबंधक पीकेएस. राजपूत ने बताया कि एमएफआई मशीन के पहिए उतरने से यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे देर शाम तक दुरुस्त कर लिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक