जबलपुर में थमे मेट्रो बसों के पहिए, कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से जनजीवन प्रभावित
जबलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को शहर की मेट्रो बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मेट्रो बसों के ड्राइवर और कंडक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते सुबह से शहर की सड़कों पर एक भी मेट्रो बस नहीं चली, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके भविष्य निधि (पीएफ) से जुड़े मामलों में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इसके अलावा टिकट कलेक्शन और निर्धारित लक्ष्य (टारगेट) को लेकर भी प्रबंधन का रवैया कर्मचारियों के प्रति अनुचित है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और मेट्रो बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
अचानक हुई इस हड़ताल का सबसे अधिक असर रोजाना मेट्रो बसों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ा है। सुबह स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को वैकल्पिक परिवहन की तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री ऑटो और अन्य निजी वाहनों पर निर्भर नजर आए, जिससे शहर के कई इलाकों में यातायात का दबाव भी बढ़ गया। अब सभी की निगाहें प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

