अनूपपुर: स्कूल-यात्री बस संचालकों की बैठक,आपातकालीन द्वार बंद हुआ तो होगी कार्यवाही
अनूपपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में स्कूली बच्चों और आम यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अनूपपुर पुलिस और परिवहन विभाग सख्त हो गया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देश पर शुक्रवार को थाना यातायात में स्कूल और यात्री बस संचालकों की आपातकालीन बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन अधिकारी और यातायात प्रभारी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में बसों के इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन द्वार) पर विशेष जोर दिया गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र गौतम सिंह एवं जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने निर्देश दिए कि जिन बसों के आपातकालीन द्वार जाम, खराब या अनुपयोगी हैं, उन्हें तत्काल ठीक करवाया जाए। किसी भी दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में बच्चों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बस संचालकों को स्पष्ट दिशानिर्देश दिए गए कि वे अपने दस्तावेज और उपकरण दुरुस्त रखें। इनमें फिटनेस और वैध परमिट, अपडेटेड बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र, वर्किंग कंडीशन में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर और जीपीएस, तथा जहां लागू हों वहां सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, चालक-परिचालक का पुलिस वेरिफिकेशन और वैध लाइसेंस अनिवार्य किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़कों पर गुंडागर्दी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग या नशे की हालत में वाहन चलाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दोहराया कि स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

