home page

मऊगंजः किसानों की समस्याओं का समय-सीमा में करें निराकरण, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर

 | 
मऊगंजः किसानों की समस्याओं का समय-सीमा में करें निराकरण, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर


मऊगंज, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बिजली, पानी, खाद-बीज, राजस्व संबंधी समस्याओं और निराश्रित पशुओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध नहीं होने, मिट्टी परीक्षण केंद्र बंद रहने और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। किसानों ने खराब बिजली केबल, खुले ट्रांसफार्मर और अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें भी कीं। इस पर कलेक्टर ने कृषि विभाग को शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा मिट्टी परीक्षण केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को शिविर लगाकर बिजली बिल संबंधी शिकायतों का निराकरण करने और खराब केबल बदलने के लिए कहा।

राजस्व संबंधी समस्याओं पर चर्चा के दौरान ग्राम करह, खैरागढ़, रकरी और पचपहरा सहित अन्य गांवों में नक्शा त्रुटियों के सुधार के लिए टीम गठित कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पटवारियों की हल्का क्षेत्र में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए दिवस निर्धारित करने को भी कहा। इसके अलावा गौशालाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए जांच दल गठित करने तथा उपार्जन पंजीयन में आ रही कठिनाइयों के निराकरण के लिए राज्य स्तर पर संपर्क करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आत्मा परियोजना के अंतर्गत तीनों विकासखंडों के कर्मचारियों तथा सहकारिता एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ओगरे ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ किसान हितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए। किसानों से संबंधित शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष हरिशंकर पांडेय एवं प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रीय मजदूर किसान महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी