उमरिया : एनएच-43 पर घुनघुटी के मोर्चा फाटक में 36 घंटे से महाजाम, कीचड़ में फंसे वाहन
उमरिया, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर घुनघुटी और शहडोल के बीच मोर्चा फाटक के पास पिछले 36 घंटे से भीषण जाम लगा हुआ है। अधूरे सड़क निर्माण और बदहाल मार्ग के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य अधूरा होने से सड़क की स्थिति पहले से ही खराब है। इसी बीच अचानक मौसम बिगड़ने और रिमझिम बारिश होने से सड़क पर कीचड़ फैल गया तथा गड्ढों की समस्या और गंभीर हो गई। इसके चलते वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और मोर्चा फाटक के पास जाम लग गया।
हल्की बारिश ने ही सड़क निर्माण की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी। कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आगे बढ़ने में काफी दिक्कत हो रही है। जाम में फंसे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जरूरी काम से यात्रा करने वाले लोग भी परेशान हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर निर्माण कार्य अधूरा रहने और बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था ठप होने से निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का सवाल है कि सड़क निर्माण समय पर पूरा क्यों नहीं किया जा रहा और बारिश के दौरान आवागमन सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
बारिश से बिगड़ी स्थिति, मशीनें लगाकर खुलवाया जा रहा रास्ता
इस संबंध में एमपीआरडीसी के डीएम अवधेश स्वर्णकार ने बताया कि ठेकेदार द्वारा आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए मिट्टी डालकर कॉम्पेक्शन का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बेमौसम बारिश होने से स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को निर्देश देकर मशीनें लगवाई गई हैं और धीरे-धीरे वाहनों को निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
13 साल से अधूरा है उमरिया-शहडोल मार्ग का निर्माण
गौरतलब है कि उमरिया से शहडोल मार्ग का निर्माण पिछले 13 वर्षों से पूरा नहीं हो पाया है। इसके चलते वाहन मालिकों, चालकों और क्षेत्रीय लोगों को लगातार बदहाल सड़क, कीचड़ और जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण लोगों में नाराजगी भी बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

