home page

मप्र: हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे के पास खेत में लगी भीषण आग, 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख

 | 
मप्र: हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे के पास खेत में लगी भीषण आग, 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख


हरदा, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में खिरकिया क्षेत्र के छीपाबड़ गांव में सोमवार को हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे के पास एक खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, साेमवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, छीपाबड़ पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। खिरकिया से पहुंची दमकल की गाड़ी द्वारा आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग पर काबू पाने में सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में अचानक आग लगी और तेज हवा के कारण वह तेजी से आसपास की फसल में फैलती चली गई। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बड़ी मात्रा में फसल जल चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने तुरंत दूरभाष पर स्थिति का जायजा लिया और एसडीएम को दल-बल के साथ मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम खेतों में पहुंचकर नुकसान का सर्वे कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे