home page

सीहोर के सराय इलाके में आधी रात होटल में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

 | 
सीहोर के सराय इलाके में आधी रात होटल में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू


सीहोर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर शहर के सराय इलाके में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल नाज में अचानक आग लग गई। होटल से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझने से आसपास की दुकानों और इमारतों तक आग फैलने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना देर रात करीब 2 बजे की है। बताया गया कि रात में होटल बंद था और आसपास के लोग सो रहे थे। इसी दौरान होटल से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया। आग की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ड्राइवर आरिफ खान और फायरमैन कमरुद्दीन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

होटल मालिक जावेद खान के अनुसार, आग से होटल में रखा सामान जलकर खराब हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। होटल आसपास की दुकानों और इमारतों से घिरा हुआ था। आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो इसके आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने की आशंका थी। दमकल टीम की तत्परता से आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे