ग्वालियर में केमिकल गोदाम में भीषण आग,अपार्टमेंट में मची अफरा-तफरी, समय रहते निकाले गए लोग
ग्वालियर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के खुर्दे वाला मोहल्ला स्थित राजश्री अपार्टमेंट में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्राउंड फ्लोर पर बने केमिकल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग पहली मंजिल तक फैल गई और पूरे अपार्टमेंट में धुआं भर गया, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में स्याही और सर्जिकल सामान का गोदाम संचालित हो रहा था। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या सर्जिकल सामग्री के कारण आग भड़की। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
परिवारों को सुरक्षित निकाला
अपार्टमेंट में करीब 20 परिवार रह रहे थे। आग और धुएं के बीच कई लोग इमारत में फंस गए थे। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान घरों में रखे गैस सिलेंडर और गोदाम में मौजूद केमिकल व स्याही के ड्रम भी बाहर निकाल लिए गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ लोगों की हालत धुएं के कारण बिगड़ी, जिन्हें तुरंत बाहर लाकर राहत दी गई।
संकरी गलियों ने बढ़ाई चुनौती
घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, तीन दमकल गाड़ियों ने पानी और एक फोम टैंकर की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अंत में धुएं को नियंत्रित करने के लिए फोम का छिड़काव किया गया।
रहवासियों ने पहले भी की थी शिकायत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे पहले भी अपार्टमेंट में चल रहे केमिकल गोदाम को हटाने की मांग कर चुके थे, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। रहवासी लक्ष्मी राठौर ने बताया कि आग के दौरान हालात बेहद भयावह थे और बच्चों को एक-एक कर बाहर निकालना पड़ा। वहीं अन्य लोगों ने भी मुश्किल हालात में जान बचाने की बात कही।
जांच के आदेश
प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट कहा है कि यदि गोदाम संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और राहत कार्य जारी है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसने रिहायशी इलाकों में खतरनाक गोदामों के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

