home page

इंदौर के बड़ा सराफा बाजार में ज्वेलरी शॉप में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल ने डेढ़ घंटे में पाया काबू

 | 
इंदौर के बड़ा सराफा बाजार में ज्वेलरी शॉप में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल ने डेढ़ घंटे में पाया काबू


इंदौर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौरशहर के व्यस्त बड़ा सराफा बाजार में मंगलवार देर रात एक ज्वेलरी शॉप में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से निकलते धुएं और आग की लपटों के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय सराफा की प्रसिद्ध नाइट चौपाटी पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। लोगों ने सराफा स्थित एक बिल्डिंग से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो आग मजीद पुत्र अब्दुल गफ्फार की मॉडर्न ज्वेलर्स दुकान में लगी मिली। दमकल की दो गाड़ियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने के समय बड़ा सराफा की नाइट चौपाटी गुलजार थी और बड़ी संख्या में लोग खान-पान के लिए मौजूद थे। दुकान से अचानक धुआं उठता देख लोगों में हलचल मच गई। कुछ ही देर में धुआं आसपास फैल गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली कराया। सराफा की संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में चुनौती का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।

एसी में शॉर्ट सर्किट की आशंका

फायर ब्रिगेड ने करीब रात 2 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग के कारण दुकान के अंदर काफी धुआं भर गया था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

नुकसान का आकलन जारी

आग से दुकान का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकान में रखी ज्वेलरी को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपए का बताया जा रहा है, हालांकि नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन दुकान संचालक और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद सराफा बाजार के कई व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे