इंदौर में मल्टी के नीचे हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, मची अफरा-तफरी, 20 हजार लीटर पानी से पाया काबू
इंदौर, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के वीर सावरकर नगर स्थित माया भवन मल्टी के भूतल पर संचालित एक हार्डवेयर दुकान में शनिवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे मल्टी में रहने वाले परिवारों को तत्काल अपने घर खाली कर सड़क पर आना पड़ा। राहत की बात यह रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही दुकान से उठता धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। इससे मल्टी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। बिल्डिंग निवासी सुभाष चौधरी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही सभी परिवार सुरक्षित बाहर निकल आए। मल्टी में पांच से छह फ्लैट हैं और सभी लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी बाल्टियों और केनों में पानी भरकर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसी दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बड़वे भी मौके पर पहुंचे और तत्काल पानी का टैंकर बुलवाया।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 20 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर नियंत्रण पाया। आग पर काबू पाने के दौरान पूरी बिल्डिंग की तलाशी भी ली गई, ताकि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।
हार्डवेयर दुकान में भारी नुकसान
फायर अधिकारियों के अनुसार आग शुभम इंटरप्राइजेज नामक हार्डवेयर दुकान में लगी थी, जो जी-प्लस-थ्री भवन के ग्राउंड फ्लोर पर किराए से संचालित की जा रही थी। आग में दुकान में रखा पीवीसी फिटिंग का सामान, पेंट-थिनर, हार्डवेयर सामग्री और फर्नीचर जलकर खाक हो गया। आग की लपटें ऊपर स्थित एक फ्लैट तक भी पहुंच गईं, जिससे वहां रखे पर्दे, पलंग और एलईडी टीवी को नुकसान हुआ। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

