home page

जबलपुरः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीन पर बन रही मस्जिद का अवैध हिस्सा ढहाया

 | 
जबलपुरः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीन पर बन रही मस्जिद का अवैध हिस्सा ढहाया


जबलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड (क्र. 67) अंतर्गत गौर नदी क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण कर मस्जिद का निर्माण एवं विस्तार किया जा रहा है, जिससे गौर नदी तक जाने वाला पुराना मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने जांच कराई, जिसमें पटवारी द्वारा किए गए सीमांकन में खसरा नंबर 137 की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया।

जांच में सामने आया कि संबंधित स्थान पर लगभग 450 वर्गफीट निजी भूमि होने के बावजूद करीब 1500 वर्गफीट क्षेत्र में निर्माण किया जा रहा था। इस अवैध विस्तार के चलते ‘रज्जाक डेरी’ से होकर नदी तक जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर उस हिस्से को ध्वस्त किया, जिसने रास्ते को बाधित कर रखा था। कार्रवाई के दौरान संयुक्त तहसीलदार, क्षेत्रीय पटवारी एवं पुलिस चौकी प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि मूल रूप से दुबे परिवार की थी। वारिस के लापता होने का लाभ उठाकर कुछ लोगों द्वारा यहां अवैध धार्मिक निर्माण और विस्तार किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक