home page

राजगढ़ः पेड़ पर फंदे से लटका मिला महिला का शव, जांच शुरू

 | 
राजगढ़ः पेड़ पर फंदे से लटका मिला महिला का शव, जांच शुरू


राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम उदपुरिया में 25 वर्षीय विवाहिता का शव गांव की बड़ली में एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम उदपुरिया निवासी ममता तंवर (25), पत्नी हरिओम तंवर गुरुवार दोपहर बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सूचनाकर्ता हरचंद पुत्र अमरसिंह तंवर ने पुलिस को बताया कि वह काम से राजगढ़ गया हुआ था। शाम करीब 5 बजे घर लौटने पर उसकी बेटी अनीता ने बताया कि भतीजे हरिओम तंवर की पत्नी ममता दोपहर से घर पर नहीं है। इसके बाद परिवार के सदस्य उसकी तलाश करते हुए शाम करीब 6 बजे गांव की बड़ली पहुंचे। वहां खांखरा के पेड़ पर ममता का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मायके पक्ष और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल राजगढ़ भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक