सागर : खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले-किसानों को गुमराह कर रही कांग्रेस
सागर, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को सागर प्रवास के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करना और उन्हें गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी फितरत रही है, जबकि वर्तमान सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश में उपार्जन की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपार्जन केंद्रों पर आने वाली फसल का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा तथा किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बार उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। चिलचिलाती गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों के खातों में भुगतान जल्द से जल्द पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खाद्य मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल चुनाव और आंदोलनों के समय किसानों की चिंता करता है, जबकि भाजपा सरकार पूरे वर्ष किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के दोहरे चरित्र को भलीभांति पहचान चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

