मप्रः चित्रकूट बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, बांटी मदद और बच्चों में जगाया अफसर बनने का सपना
सतना, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को सतना जिले के चित्रकूट पहुंचे और मंदाकिनी की बाढ़ ने प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम पूछा, उनकी परेशानियां सुनीं और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।
इस दौरे का सबसे भावुक दृश्य तब सामने आया, जब मंत्री राहत सामग्री बांटने के बीच बच्चों के पास पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत स्वयं उनके बीच बैठकर स्कूल बैग, कॉपी-किताबें वितरित कीं। मंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे आगे क्या बनना चाहते हैं। जब एक बच्चा अपने भविष्य का लक्ष्य स्पष्ट नहीं बता पाया तो विजयवर्गीय ने उसे हौसला देते हुए अपने राजनीतिक जीवन का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने भी अपने सफर की शुरुआत पार्षद के रूप में की, इसके बाद विधायक बने और आज मंत्री हैं। बच्चों से उन्होंने कहा कि अच्छी पढ़ाई करो, मेहनत करो और आगे बढ़ो। इस दौरान उन्होंने सतना कलेक्टर का उदाहरण देते हुए बच्चों से कहा कि मेहनत के बल पर आज वह कलेक्टर हैं। मंत्री का बच्चों से यह संवाद बाढ़ की पीड़ा के बीच उन्हें भविष्य के सपने दिखाने वाला नजर आया।
उजड़े आशियानों के लिए सरकार की मदद
बाढ़ से जिन परिवारों के घर पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, उनमें से पांच परिवारों को मंत्री ने सरकार की ओर से 1 लाख 20 हजार की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इसके अलावा बैंक के माध्यम से स्वरोजगार के लिए चेक दिए गए। प्रभावित परिवारों को सहायता पाने वाले हितग्राहियों को भी 50 किलो राशन, कंबल और अन्य राहत सामग्री भी वितरित की गई। मंत्री ने इस दौरान अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से राहत व्यवस्था की जानकारी ली और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया।
दीनदयाल रसोई पहुंचे, खुद खाई पूड़ी-सब्जी
राहत वितरण के बाद विजयवर्गीय नगर परिषद द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई पहुंचे। यहां बाढ़ प्रभावितों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता देखने के लिए उन्होंने स्वियं पूड़ी-सब्जी खाई। नगर अध्यक्ष ने मंत्री को बताया कि 30 अगस्त से बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुबह-शाम भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार भोजन पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई का भरोसा
दौरे के दौरान मीडिया ने मंत्री से मंदाकिनी नदी के किनारे निर्माण, अतिक्रमण और एनजीटी की गाइडलाइन को लेकर सवाल किए। इस पर विजयवर्गीय ने कहा कि एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण को लेकर भी उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि नदी किनारे पहले से हो चुके निर्माण और अतिक्रमण पर सवाल किए जाने पर मंत्री ने कोई विस्तृत जवाब नहीं दिया। ऐसे में अब बड़ा सवाल यही है कि एनजीटी की गाइडलाइन आने के बाद नए निर्माण रोकने की कार्रवाई होगी या मंदाकिनी के किनारे पहले से खड़े निर्माणों पर भी सरकार का बुलडोजर चलेगा? चित्रकूट की जीवनरेखा मंदाकिनी के प्राकृक्तिक स्वरूप को बचाने के लिए प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब सबकी नजर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

