मंडला-जबलपुर हाईवे पर कार-पिकअप की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत, 12 घायल
मंडला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर पुल के पास कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की माैत हाे गई, जबकि पिकअप सवार 13 लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का मंडला जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, टिकरिया थाना क्षेत्र के चमरवाह और आसपास के गांवों के लोग पिकअप वाहन से सब्जी खरीदने मंडला आ रहे थे। इसी दौरान फूलसागर पुल के पास जबलपुर की ओर जा रही एक कार से पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप सवारों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शामिल चमरवाह निवासी सिमीया बाई सैयाम (50) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल की स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के लिए क्या वजह रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

