home page

मंडला: तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत

 | 
मंडला: तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत


हादसे के बाद बिजली खंभा तोड़ते हुए फरार हुआ चालक, पुलिस तलाश में जुटी

मंडला, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पिंडरई रोड स्थित नादिया गांव के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान उमेश सिंगौर (42) पुत्र चिरौंजीलाल सिंगौर निवासी नादिया, भुवन सिंगौर (36) पुत्र मनीलाल सिंगौर निवासी नादिया और मुन्ना भांवरें (50) पुत्र मंगल भांवरें निवासी पेटेगांव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जामुन तिराहे के पास तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और बिना रुके फरार हो गया। भागने के दौरान वाहन चालक ने सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। महाराजपुर थाना प्रभारी क्रांति कुमार ब्रम्हे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भारी वाहन द्वारा बाइक को टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे