home page

बैतूल में अनाज व्यापारी के मकान में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान और अनाज जला

 | 
बैतूल में अनाज व्यापारी के मकान में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान और अनाज जला


बैतूल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल शहर के कोठी बाजार क्षेत्र स्थित शिवाजी वार्ड के मराठी मोहल्ले में मंगलवार को एक अनाज व्यापारी के मकान में भीषण आग लग गई। आग से घर में रखा अनाज, गृहस्थी का सामान और खाली बारदाने जलकर खाक हो गए।

आग की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक पांच दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। फायरकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान मकान में रखा रसोई गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मकान अनाज व्यापारी गब्बर उर्फ राजकुमार राठौर का है। घटना के समय घर पर ताला लगा हुआ था और परिवार के सदस्य अपनी दुकान पर गए थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने मकान से धुआं उठते देखा। उन्होंने तत्काल परिवार को सूचना दी। देखते ही देखते आग घर के अंदर रखे सामान तक फैल गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए स्थिति को देखते हुए पांच दमकल वाहनों की मदद ली गई। फायरकर्मियों ने आग बुझाने के साथ मकान के अंदर रखे सामान को सुरक्षित करने का प्रयास किया। इसी दौरान रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी बाहर निकाल लिया गया। आग से अनाज, घरेलू सामान और खाली बारदाने जल गए।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित स्तर पर आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। आग पर समय रहते काबू पा लेने से आसपास के मकानों तक लपटें फैलने से रोकने में मदद मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे