home page

भोपाल में निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध पक्की दूध डेयरी जेसीबी से तोड़ी

 | 
भोपाल में निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध पक्की दूध डेयरी जेसीबी से तोड़ी


भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम भोपाल ने अतिक्रमणों के खिलाफ बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और सड़क-फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए। निगम की टीम ने पुरानी विधानसभा के सामने मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य में बाधक 13 दुकानों का सामान हटवाने के बाद दुकानों को जेसीबी मशीन से तोड़ा। वहीं, जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए कोलार सनखेड़ी गिरधर परिसर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई एक पक्की दूध डेयरी को भी जेसीबी से ध्वस्त किया गया।

निगम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ निगम की नियमित अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के तहत की गई। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते के विभिन्न दलों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की।

पुरानी विधानसभा के सामने मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य में बाधक बनीं 13 दुकानों का पहले सामान हटवाया गया। इसके बाद इन दुकानों को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ने की कार्रवाई की गई। निगम अमले ने इसके अलावा सड़क और फुटपाथ पर आवागमन में बाधक अस्थाई टीनशेड, टपरे, दोपहिया और चारपहिया वाहन, लोडिंग ऑटो, बांस-बल्ली की चेलियां, चादर, कबाड़ और दुकानों के बाहर रखा सामान भी हटाया।

कई क्षेत्रों में हटाए अतिक्रमण

निगम के अतिक्रमण निरोधक दलों ने कोलार दामखेड़ा, सर्वधर्म कॉलोनी, मंदाकिनी परिसर, जेके अस्पताल, बिट्टन मार्केट, शाहपुरा, बागसेवनिया, बागमुगालिया, जाटखेड़ी, अरविंद विहार, अमराई, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, 10 नंबर स्टॉप, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कमला पार्क, गिन्नौरी, इतवारा, पुरानी सब्जी मंडी, अल्पना तिराहा, भोपाल टॉकीज, लक्ष्मी टॉकीज, शाहजहांनाबाद, हमीदिया रोड, भोपाल गेट, गोलघर, संजय नगर पहाड़ी, पीपल चौराहा, करोंद चौराहा, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल, करोंद हाउसिंग बोर्ड, करोंद विश्वकर्मा नगर, बैरसिया रोड नवीबाग और लांबाखेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की।

कोलार दामखेड़ा में शासकीय स्कूल के पास बनाया गया अस्थाई टीन शेड हटाया गया। अरविंद विहार गेट के पास सब्जी की दुकान का अस्थाई टपरा तोड़ा गया। शाहपुरा मल्टी के पास से बांस की एक अस्थाई चेली हटाई गई।

बागसेवनिया हनुमान मंदिर के पास आवागमन में बाधक दो चारपहिया वाहनों को हटाया गया। करोंद हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक पान पार्लर और एक लोडिंग ऑटो पर कार्रवाई की गई। संजय नगर पहाड़ी क्षेत्र से 10 चारपहिया वाहन हटाए गए। लांबाखेड़ा क्षेत्र में कबाड़ की दुकान के बाहर रखा सामान और बोर्ड हटाया गया।

ठेले-गुमठियों के साथ वाहन व सामान जब्त

निगम की टीम ने दुकानों के बाहर रखा सामान और फुटपाथ पर लगाई गई सब्जी, चाय-नाश्ता व फल की दुकानों के अलावा बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, काउंटर, पान पार्लर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सी, टेबल सहित अन्य अतिक्रमण भी हटाए।

कार्रवाई के दौरान बिट्टन मार्केट से एक अल्टो वाहन तथा अमराई क्षेत्र से तीन लोहे की चादरें जब्त की गईं। निगम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पक्की दूध डेयरी भी ध्वस्त

इसके अतिरिक्त निगम के अतिक्रमण निरोधक अमले ने जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए कोलार सनखेड़ी गिरधर परिसर क्षेत्र में अवैध रूप से बनी एक पक्की दूध डेयरी को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ शिकायतों और नियमित निरीक्षण के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा