home page

मैहर: मार्कंडेय नदी में नहाते समय एक ही परिवार के तीन सदस्य डूबे, दो महिलाओं को बचाया, किशोर की तलाश जारी

 | 
मैहर: मार्कंडेय नदी में नहाते समय एक ही परिवार के तीन सदस्य डूबे, दो महिलाओं को बचाया, किशोर की तलाश जारी


विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आया था परिवार, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर चला रहे सर्च ऑपरेशन

मैहर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित मार्कंडेय आश्रम के पास शनिवार सुबह विसर्जन कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने उतरे एक ही परिवार के तीन सदस्य अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 वर्षीय किशोर तेज धारा में लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार सतना जिले के चोरहटा निवासी गुप्ता परिवार रामनगर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित भंडारे और विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिवार की आशा गुप्ता (38), पूनम गुप्ता (35) और वेदरूप गुप्ता (15) मार्कंडेय नदी में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। घटना होते ही नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आशा गुप्ता और पूनम गुप्ता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन वेदरूप गुप्ता तेज बहाव में लापता हो गया।

सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। किशोर की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया है। दोपहर तक चले अभियान के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस ने बताया कि नदी में किशोर की तलाश लगातार जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे