home page

मैहर: तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, दूसरा बेटा गंभीर

 | 
मैहर: तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, दूसरा बेटा गंभीर


मैहर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के नादन-देहात थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घायल युवक का इलाज सिविल अस्पताल मैहर में चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे भेड़ा मोड़ के पास हुआ। उचेहरा थाना क्षेत्र के खूझा गांव निवासी राजकिशोर कुशवाहा (50) अपने बेटों आकाश कुशवाहा (19) और अरविंद कुशवाहा (19) के साथ बाइक से मैहर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नागपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

मौके पर बेटे की मौत, अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे आकाश कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकिशोर और अरविंद को राहगीरों तथा पुलिस की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान राजकिशोर कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया। वहीं अरविंद की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही नादन-देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भिजवाकर यातायात बहाल कराया।

बस जब्त, जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे