home page

मैहर में तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत, बचाने गहरे पानी में उतरे चौकी प्रभारी

 | 
मैहर में तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत, बचाने गहरे पानी में उतरे चौकी प्रभारी


मैहर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के ग्राम झिन्ना में शनिवार को तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक के तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए और घटना की जानकारी मुकुंदपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने के लिए खुद गहरे पानी में उतर गए। काफी देर तक तलाश के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुकुंदपुर चौकी प्रभारी तत्काल तालाब पर पहुंचे। ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। युवक के जीवित होने की उम्मीद में चौकी प्रभारी ने अपनी वर्दी उतारी और बिना देर किए गहरे पानी में उतर गए। उन्होंने काफी देर तक तालाब में युवक की तलाश की। मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण भी हैरान रह गए। घटना के बाद तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही।

मृतक की पहचान ग्राम झिन्ना निवासी राज दाहिया (21) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राज शनिवार सुबह शौच के लिए गांव के पास स्थित तालाब की ओर गया था। बताया गया है कि युवक को तैरना नहीं आता था। आशंका है कि तालाब के किनारे पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। कुछ समय तक राज के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके तालाब में डूबने की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

तालाब से युवक का शव बाहर निकाले जाने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। राज की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं युवक की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार कम उम्र में हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी