मैहरः 52वे उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह में शनिवार को सजेगी शास्त्रीय संगीत और नृत्य की महफिल
मैहर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा पद्मविभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खाँ साहब की स्मृति में आयोजित 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खाँ समारोह का आयोजन मैहर खेल मैदान में किया जा रहा है। समारोह के द्वितीय दिवस 14 नवंबर को देश के प्रतिष्ठित कलाकार भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की विविध विधाओं की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
द्वितीय दिवस के कार्यक्रम में कोलकाता के प्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित प्रसन्नजीत पोतदार द्वारा ताल वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। नई दिल्ली की प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना एवं गुरु डॉ. अतसी मिश्रा अपने साथी कलाकारों के साथ ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। जयपुर की विदुषी दिव्या शर्मा शास्त्रीय गायन से सुरों की महफिल सजाएंगी, वहीं मुंबई के प्रतिष्ठित बांसुरी वादक पंडित नित्यानंद हल्दीपुर अपनी बांसुरी की मधुर धुनों से संगीत प्रेमियों को आनंदित करेंगे।
पंडित प्रसन्नजीत पोतदार की ताल साधना
कोलकाता के प्रख्यात तबला वादक एवं संगीत गुरु पंडित प्रसन्नजीत पोतदार ने अपनी कला और साधना से देश-विदेश में विशेष पहचान बनाई है। उन्हें पंडित सितारा देवी, पंडित हरिप्रसाद चौरसिया और उस्ताद अली अहमद हुसैन खान जैसे महान कलाकारों के साथ मंच साझा करने का गौरव प्राप्त है। वर्ष 2010 में हिंदुस्तान आर्ट एंड म्यूजिक सोसाइटी की स्थापना कर वे भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उनकी संस्था के माध्यम से विश्वभर में 589 संगीत समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। वे वर्ष 1988 से अंतरा संगीत विद्यालय के जरिए युवाओं को संगीत की शिक्षा भी दे रहे हैं। संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रीय सम्मान सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
डॉ. अतसी मिश्रा की ओडिसी नृत्य प्रस्तुति होगी आकर्षण
नई दिल्ली की प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना, गुरु एवं लेखिका डॉ. अतसी मिश्रा ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्ष 2025 में उन्हें प्रतिष्ठित अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा गया। उन्होंने कला कल्प सांस्कृतिक संस्थान की स्थापना कर शास्त्रीय कलाओं के प्रचार-प्रसार को नई दिशा दी है। वे अब तक 20 से अधिक राज्यों में 200 से अधिक कार्यशालाओं के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ चुकी हैं।
विदुषी दिव्या शर्मा के शास्त्रीय गायन से गूंजेगा समारोह
जयपुर की शास्त्रीय गायिका विदुषी दिव्या शर्मा बनारस घराने के मूर्धन्य साधक पंडित राजन-साजन मिश्र की शिष्या हैं। पिछले दो दशकों से ख्याल गायन की साधना में जुटी दिव्या शर्मा आकाशवाणी की 'ए' ग्रेड कलाकार हैं। उन्होंने देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। वर्ष 2011 में बाबा हरिवल्लभ संगीत प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार, राष्ट्रीय युवा उत्सव में द्वितीय स्थान तथा वर्ष 2009 में अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ की प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वर्ष 2008 में संस्कृति मंत्रालय द्वारा उन्हें यंग आर्टिस्ट स्कॉलरशिप भी प्रदान की गई।
पंडित नित्यानंद हल्दीपुर की बांसुरी वादन प्रस्तुति होगी विशेष
मुंबई के प्रतिष्ठित बांसुरी वादक पंडित नित्यानंद हल्दीपुर भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत का जाना-माना नाम हैं। पद्म भूषण से सम्मानित संगीत साधिका श्रीमती अन्नपूर्णा देवी के वरिष्ठ शिष्य पंडित हल्दीपुर को संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता स्वर्गीय निरंजन हल्दीपुर से प्राप्त हुई, जो महान बांसुरी वादक पंडित पन्नालाल घोष के शिष्य थे। वर्ष 1986 में अन्नपूर्णा देवी ने उन्हें अपना शिष्य स्वीकार किया। उनके बांसुरी वादन में स्वर की शुद्धता, भावों की गहराई और मैहर घराने की समृद्ध सांगीतिक परंपरा का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के शीर्ष श्रेणी के कलाकार हैं। देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके पंडित हल्दीपुर को वर्ष 2010 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार तथा वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश शासन के प्रतिष्ठित तानसेन सम्मान से अलंकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्हें अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।
भारतीय सांस्कृतिक विरासत को मिल रहा नया मंच
52वां उस्ताद अलाउद्दीन खाँ समारोह भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को संरक्षित करने, नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन साबित हो रहा है। समारोह में प्रस्तुत होने वाली विविध सांगीतिक एवं नृत्य विधाएं मैहर की गौरवशाली संगीत परंपरा को नई पहचान प्रदान कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

