home page

मैहरः एडीएम राय ने ली समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक

 | 
मैहरः एडीएम राय ने ली समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक


मैहर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में एडीएम राय ने मंगलवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। एडीएम राय ने योजना के अंतर्गत शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम राय ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। एडीएम श्री राय ने बैठक में सभी अनुविभागीय और सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों के छात्रावासों और विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि कोई भी समस्या आने पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

एडीएम श्री राय ने जिले में सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सहभागिता सुनिश्चित करें।

एडीएम राय ने जानकारी दी कि जिले में 17 सितंबर को 4 लाख 86 हजार ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। साथ ही 17 सितंबर को विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर प्रांगण में 01 लाख 11 हजार से अधिक आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत जिले के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में रक्तदान कार्यक्रम के माध्यम से की जाएगी।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिला अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। एडीएम श्री राय ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने तथा कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी ,विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी,जनपद सीईओ ,नगरीय निकायों के सीएमओ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी