मैहरः मां शारदा शक्तिपीठ में दर्शन हेतु देश के कोने कोने से पहुंच रहे श्रद्धालु
मैहर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां शारदा शक्तिपीठ धाम मैहर में अष्टमी दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल रहा। मां शारदा के दर्शन एवं पूजन के लिए भक्त माता के दरबार में पहुंचकर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे है।
धार्मिक परंपराओं में नवरात्रि की अष्टमी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। रविवार को प्रातः पट खुलने से लेकर सायं 5.30 बजे तक94907 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
प्रशासन और पुलिस ने निभाई सेवा की जिम्मेदारी
धार्मिक आस्था के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु मां शारदा मंदिर पहुंचते हैं। उत्तर प्रदेश से आए विकलांग दो व्यक्तियों के लिए मेले की भीड़ के बीच दर्शन करना कठिन हो सकता था। ऐसे में प्रशासनिक निर्देशन और पुलिस की सहायता से उन्हें दर्शन की सुविधा मिल सकी। यह पहल दर्शाती है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन का जोर
श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होता है। ऐसे अवसरों पर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को सहायता उपलब्ध कराना मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा का उदाहरण है।
श्रद्धालुओं के बीच सीढ़ी चढ़ते बेहोश हुई महिला
मेले में भीड़ और सीढ़ियां चढ़ने के दौरान एक महिला श्रद्धालु अचानक बेहोश हो गईं। महिला की स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए सहायता के लिए कदम उठाया।ड्यूटी पर तैनात रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी और उनकी टीम ने महिला की स्थिति को गंभीरता से लिया। तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से थ महिला को कंधे पर उठाया और स्वास्थ्य विभाग के कैंप तक पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस टीम की इस तत्परता से महिला को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। नवरात्रि मेले जैसे भीड़भाड़ वाले आयोजन में पुलिस की यह सक्रियता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के महत्व को रेखांकित करती है।
समय पर उपचार मिलने से महिला की हालत में सुधार
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के कैंप में उपचार मिलने के बाद महिला श्रद्धालु अब स्वस्थ हैं। संकट की इस घड़ी में पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता ने महिला और उनके परिजनों को राहत पहुंचाई।महिला और उनके परिजनों ने मैहर पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समय पर सहायता और उपचार उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मियों की सराहना की।
नवरात्रि मेले के दौरान सामने आई यह घटना बताती है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय लोगों की सहायता करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

