home page

मैहरः कलेक्टर ने की जन विश्वास अभियान एवं सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की समीक्षा

 | 
मैहरः कलेक्टर ने की जन विश्वास अभियान एवं सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की समीक्षा


मैहर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर सुश्री संजना जैन, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, पेयजल व्यवस्था, शासकीय योजनाओं के पंजीयन सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई। फॉर्मर रजिस्ट्री के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान नल-जल योजना से संबंधित शिकायतों की अधिक संख्या पर कलेक्टर मुखर्जी ने संबंधित विभागों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए आमजन को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर मुखर्जी ने एल.डी.एम. को निर्देशित किया कि शासन की पेंशन और ऋण योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से जोड़ते हुए शिविरों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर मुखर्जी ने सभी विद्यालयों को जन्माष्टमी पर्व पर शासन के निर्देश अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन करने के निर्देश दिए। नगर पालिका के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने शहर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर कीटनाशक दवाई का छिड़काव कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने मच्छरों एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने साथ ही शहर के नालों एवं नदियों की नियमित सफाई तथा आवश्यक पिचिंग कार्य कराने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

शिविर लगाकार प्रधानमंत्री सुकन्या योजना के नवीन पंजीयन के निर्देश दिए

बैठक में जानकारी दी गईं कि प्रधानमंत्री सुकन्या योजना के नवीन पंजीयन का कार्य 1 सितंबर से 10 सितंबर तक किया जाना है। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को ग्रामीण अंचलों में प्रधानमंत्री सुकन्या योजना के शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के नए पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित

बैठक के दौरान 19 अगस्त को मैहर में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी