home page

मैहरः जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून एवं दायित्वों की दी गई जानकारी

 | 
मैहरः जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून एवं दायित्वों की दी गई जानकारी


मैहर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को सांदीपनि विद्यालय मैहर में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया। जहां विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सिंह ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, साइबर सुरक्षा, नशे से दूरी, यातायात नियम एवं रोड सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “आज जहां आप बैठे हैं, कभी हम भी वहीं बैठा करते थे। आप सभी मन लगाकर अध्ययन करें और जीवन में उच्च पदों पर आसीन होकर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र का नाम रोशन करें। यही हमारी शुभकामनाएं हैं।”

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों, नैतिक जिम्मेदारियों, किशोर न्याय अधिनियम पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा एवं रोड सेफ्टी के संबंध में जागरूक करना है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि पुलिस जनता की सुरक्षा एवं सहायता के लिए कार्य करती है। बच्चों को समझाया गया कि पुलिस एवं थाना से डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस से डरने की आवश्यकता केवल अपराधियों को होती है। किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में बच्चे निसंकोच पुलिस से संपर्क कर अपनी बात रख सकते हैं।

कार्यक्रम में एसडीओपी मैहर ख्याति मिश्रा द्वारा विद्यार्थियों को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूपरेखा से अवगत कराया गया तथा रोड सेफ्टी,साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में निरीक्षक सोनल सिंह, साधना कठेल, लक्ष्मी बागरी, रक्षित निरीक्षक दिलीप सिंह, सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य दिनेश पुरी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों को थाना देहात मैहर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, पुलिस द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों एवं नागरिक सहायता संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने थाना परिसर का अवलोकन कर पुलिस व्यवस्था को निकट से समझा।

जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी