मैहर में भारी बारिश के बीच गजानन को दी गई भावपूर्ण विदाई, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मैहर, 25 सितंबर (हि.स.)। गणेश उत्सव के समापन पर शुक्रवार को मैहर में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ विसर्जन स्थलों तक लेकर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी।
बारिश के बीच शहर में गणपति बप्पा मोरया और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु अपने-अपने गणेश पंडालों से प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन के लिए निकले। कई स्थानों पर बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए।
प्रशासन और नगर पालिका ने गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए तमस नदी, सोनवारी और बांधा बेरियल सहित विभिन्न स्थानों पर विसर्जन कुंड तैयार कराए हैं। इन सभी स्थानों पर नगर पालिका, प्रशासन और पुलिस के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा सके, इसके लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
मैहर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल की मौजूदगी में श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बारिश श्रद्धालुओं की आस्था के आगे बाधा नहीं बन सकी। लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा को लेकर विसर्जन स्थल पहुंचे। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
प्रशासन की ओर से विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं को नदी और जलस्रोतों से सुरक्षित दूरी रखने तथा निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जन करने के लिए कहा जा रहा है। भारी बारिश को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
मैहर में गणेश उत्सव के अंतिम दिन शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से विघ्नहर्ता को विदाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

