मैहर नवरात्रि मेले में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं, यात्री बसों के लिए दो अस्थायी स्टैंड
मैहर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मां शारदा देवी मंदिर में आयोजित होने वाले शारदेय नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य तथा यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मेले की अवधि में चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की है। वहीं, संभावित भीड़ को देखते हुए यात्री बसों के लिए दो अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। यातायात संबंधी व्यवस्था 11 अक्टूबर सुबह चार बजे से लागू होकर 21 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मैहर में 11 से 21 अक्टूबर तक शारदेय नवरात्रि मेला आयोजित होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है।
पहली पाली सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक और तीसरी पाली रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक संचालित होगी। इस व्यवस्था से दिन और रात, दोनों समय श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मेले के दौरान मंदिर परिसर, मेला कार्यालय, रोपवे स्थल, वन बैरियर सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित ड्यूटी के अनुसार कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के खंड चिकित्सा अधिकारियों को मेला अवधि में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
नवरात्रि मेले में संभावित भीड़ और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति मैहर की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार यात्री बसों के लिए दो अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं।
सतना से उंचेहरा और जीतनगर के रास्ते मैहर आने वाली सभी यात्री बसों का अस्थायी स्टैंड सेंट थॉमस स्कूल के सामने स्थित मैदान में बनाया गया है। वहीं, रीवा, अमरपाटन, कटनी और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाली यात्री बसों के लिए इंडियन कॉफी हाउस के सामने से आकृति होटल के आगे स्थित खाली प्लॉट को अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किया गया है।
निर्धारित यातायात व्यवस्था 11 अक्टूबर को सुबह चार बजे से लागू होगी और 21 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में कोई भी यात्री बस शहर के मुख्य बस स्टैंड तक नहीं जाएगी। बसों का संचालन निर्धारित अस्थायी स्टैंड तक ही किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से की गई इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्रि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखना और भीड़ के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

