home page

मैहर : गिरे मकान की लकड़ी उठाने को लेकर विवाद, रॉड से हमला; महिला की मौत

 | 
मैहर : गिरे मकान की लकड़ी उठाने को लेकर विवाद, रॉड से हमला; महिला की मौत


मैहर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र के धनवाही खुर्द गांव में गिरे कच्चे मकान की लकड़ी उठाने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के दौरान एक महिला के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर कटनी रेफर किया गया। कटनी के अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार रात महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना 27 सितंबर की शाम करीब पांच बजे धनवाही खुर्द गांव में हुई। गांव निवासी रमेश सिंह गोंड का कच्चा मकान हाल ही में हुई बारिश के कारण गिर गया था। मकान के मलबे में पड़ी लकड़ियों को उठाने की बात को लेकर 55 वर्षीय सुंदर बाई और उनके चचेरे भाई 36 वर्षीय लाल सिंह गोंड के बीच कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर लाल सिंह ने घर में रखी लोहे की रॉड उठा ली और सुंदर बाई के सिर पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कटनी रेफर कर दिया। परिजन सुंदर बाई को लेकर कटनी पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान रविवार रात उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद अमदरा पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और आरोपी लाल सिंह गोंड को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 303/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। साथ ही विवाद की पूरी परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी