home page

मैहरः विधायक एवं पुलिस अधीक्षक ने साइबर जन जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

 | 
मैहरः विधायक एवं पुलिस अधीक्षक ने साइबर जन जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी


मैहर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में सेफ क्लिक अभियान 2.0 के अंतर्गत सोमवार को मैहर में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जन जागरूकता रथ को रवाना किया गया।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह द्वारा साइबर जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधिकारी अधिकारी तथा आमजन उपस्थित रहे।

साइबर जन जागरूकता रथ जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ऑनलाइन निवेश ठगी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करेगा। अभियान के दौरान लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधियों की नई-नई कार्यप्रणालियों से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लालच, झूठे प्रलोभन अथवा फर्जी कॉल के झांसे में न आएं। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन ठगी का प्रयास हो, तो घबराएं नहीं बल्कि तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक ने भी आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही उपस्थित नागरिकों को विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों या ठगी का प्रयास किया जाए, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। त्वरित शिकायत करने से ठगी गई राशि को वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी