home page

मैहर में दवा विक्रेताओं ने की एक दिवसीय हड़ताल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 | 
मैहर में दवा विक्रेताओं ने की एक दिवसीय हड़ताल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


मैहर, 20 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर ज‍िले मे ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट् के आह्वान पर बुधवार को दवा विक्रेताओं ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर अपनी दुकानों को बंद रखा। इस दौरान मैहर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

दवा विक्रेता संघ ने बताया कि यह आंदोलन अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की होम डिलीवरी तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा भारी छूट (डीप डिस्काउंटिंग) के विरोध में आयोजित किया गया। संघ का कहना है कि इससे छोटे और लाइसेंसधारी केमिस्टों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो रहा है। ज्ञापन में केंद्र सरकार से मांग की गई कि जी एस आर 817(ई) एवं जी एस आर 220(ई) को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। संघ के अनुसार इन प्रावधानों का दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स ऑपरेटरों द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने यह भी कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और बिना उचित सत्यापन के ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। मैहर जिला दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष नीरज गर्ग और सचिव रामभगत त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट ने आंदोलन को सर्वसम्मति से समर्थन दिया। साथ ही आवश्यक एवं आपातकालीन दवाओं की व्यवस्था बनाए रखते हुए मानवीय दायित्व का भी निर्वहन किया गया।

संघ ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्टों ने फ्रंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में लगातार सेवाएं दीं, लेकिन अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के खिलाफ बार-बार शिकायतों और प्रमाणों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी