दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत के मामले में पति सहित चार गिरफ्तार, एक आरोपित फरार
मैहर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद बुधवार को जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ललितपुर नंबर-2 निवासी 29 वर्षीय सोनम तिवारी ने 15 जुलाई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण मामले की मर्ग जांच एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा द्वारा कराई गई। पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में संपन्न हुई।
मर्ग जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में सोनम के भाई की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसके पिता को बीमा एवं क्लेम की राशि के रूप में करीब 17 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोप है कि इसी राशि को लेकर पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य सोनम पर लगातार अपने पिता से रुपये और संपत्ति लाने का दबाव बनाते थे। परिजनों का यह भी आरोप है कि क्लेम राशि का आधा हिस्सा लाने के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि बेटी की परेशानी को देखते हुए उसके पिता ने तीन अलग-अलग अवसरों पर अपने बैंक खाते से एक-एक लाख रुपये निकालकर कुल तीन लाख रुपये नगद दामाद अतुलेश तिवारी को दिए थे। इसके बावजूद कथित प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया दहेज की मांग को लेकर मानसिक प्रताड़ना के साक्ष्य मिलने पर थाना ताला में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में पति अतुलेश कुमार तिवारी, ससुर कमलेश्वर प्रसाद तिवारी, सास सुनीता तिवारी तथा ननद बबली मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का नामजद आरोपित निलेश तिवारी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

