home page

मैहर की मां शारदा गौशाला में गोवर्धन पूजा, उत्कृष्ट पशुपालकों को मिले पुरस्कार

 | 
मैहर की मां शारदा गौशाला में गोवर्धन पूजा, उत्कृष्ट पशुपालकों को मिले पुरस्कार


मैहर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में सोमवार को पशुपालन एवं गोपालन विभाग द्वारा मां शारदा वन विहार गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

गोवर्धन पूजा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुई। विधायक, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने गौवंश को पौष्टिक आहार खिलाकर पूजन किया।

गौपालन और गोसेवा को बढ़ावा देने की अपील

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने नागरिकों से गौपालन को प्रोत्साहित करने और गौवंश के समुचित पालन-पोषण की अपील की। उन्होंने शासन द्वारा संचालित गौपालन एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नगरवासियों से व्यक्तिगत एवं मांगलिक आयोजनों के अवसर पर गौशाला पहुंचकर गौवंश को भोज कराने का आग्रह किया।

छह उत्कृष्ट पशुपालकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत अमरपाटन और मैहर विकासखंड के उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को पुरस्कृत किया गया। अमरपाटन विकासखंड में शैलेंद्र सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, नागेंद्र सिंह को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा रावेंद्र कुमार कुशवाहा को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए।

इसी प्रकार मैहर विकासखंड में अशोक पाल को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, सुदामा पटेल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा कस्तूरी बाई को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दो हजार गौवंश के लिए टीन शेड निर्माण का भूमिपूजन

शासन के निर्देशानुसार जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने दो हजार गौवंश की सेवा के लिए टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। मां शारदा प्रबंध समिति द्वारा संचालित गौशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गोवर्धन पूजन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार द्विवेदी, जनपद पंचायत सीईओ अशोक तिवारी, नगरपालिका पार्षद ऋतु कोल, सूर्यप्रकाश चौरसिया, दिलीप त्रिपाठी, समिति सदस्य जितेंद्र पटेल, आलोक अग्रवाल, सचिन मिश्रा, संतोष सोनी और विकास तिवारी सहित गणमान्य नागरिक एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी