मैहर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 12 घायल; दो की हालत गंभीर
मैहर, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नादन थाना क्षेत्र के दुबेही मोड़ के पास मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में 12 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी श्रद्धालु रीवा जिले के रतहरा क्षेत्र के निवासी हैं। वे मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुबेही मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर सहायता के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। नादन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि दो श्रद्धालुओं के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार तथा मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

