home page

'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान की सख्त शुरुआत, मैहर में 205 कफ सिरप और 5.98 लाख रुपये जब्त

 | 
'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान की सख्त शुरुआत, मैहर में 205 कफ सिरप और 5.98 लाख रुपये जब्त


मैहर, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के पहले ही दिन गुरूवार को मैहर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 205 कफ सिरप की शीशियां और 5 लाख 98 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद नकदी का संबंध प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार से है या इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।

रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहर पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो नियो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कफ सिरप और नकद राशि बरामद होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान मिली यह सफलता पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह, थाना प्रभारी संतोष उलाडी और थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

बरामद 5.98 लाख रुपये की नकदी ने जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है। पुलिस प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाने में जुटी है कि यह राशि प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री से प्राप्त हुई है या किसी बड़े अवैध कारोबार से जुड़ी है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएंगे।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। यदि किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी और कठोर कार्रवाई करना है। अभियान के पहले ही दिन हुई इस कार्रवाई को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी