डीआईजी ने मैहर जिले की वार्षिक अपराध समीक्षा की, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
मैहर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत चौहान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण की स्थिति के साथ विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान लंबित शिकायतों, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईटीएसएसओ पोर्टल, एनसीआरपी, सीआईईआर एमआरएम सहित अन्य महत्वपूर्ण पोर्टलों पर लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा समन और वारंट की तामीली, लंबित अपराध, मर्ग प्रकरण, चालान, जब्त माल तथा अन्य लंबित मामलों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अधिकारियों को लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के साथ ही कार्रवाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों और प्रकरणों के निराकरण में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में लंबित गुम इंसान तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं के मामलों की भी विशेष समीक्षा की गई। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को गुमशुदा लोगों की शीघ्र दस्तयाबी के लिए प्रभावी प्रयास करने और प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी ख्याति मिश्रा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और विभिन्न पुलिस शाखाओं के शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

