home page

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली दरें वापस लेने की मांग

 | 
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली दरें वापस लेने की मांग


मैहर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एसडीएम कार्यालय के बाहर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया। इस दौरान आमजन पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की गई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा, जिसे राज्यपाल के नाम प्रेषित किया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई ने कहा कि मौजूदा नीतियों के चलते आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और अनियमित उपलब्धता को आम परिवारों के लिए गंभीर समस्या बताया। साथ ही बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि को किसानों, श्रमिकों और आम नागरिकों के लिए भारी बोझ बताया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने कहा कि महंगाई ने आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और जनता में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाएं, बिजली दरों को वापस लिया जाए और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत दी जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी