मैहर में कलेक्टर मुखर्जी बनीं शिक्षिका, कक्षा में पहुंचकर छात्रों को पढ़ाया
मैहर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने शुक्रवार को गुरसरी गांव का दौरा कर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उचित मूल्य की दुकान और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर कलेक्टर ने निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए कक्षा 10वीं में विद्यार्थियों के बीच शिक्षिका की भूमिका भी निभाई। उन्होंने छात्रों को उर्वरक, संविधान और जैविक कोशिका से संबंधित विषयों की जानकारी दी तथा सवाल पूछकर उनकी समझ को भी परखा।
कलेक्टर के साथ सीधे संवाद का विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ जवाब दिया। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य को लेकर भी गंभीर रहें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को भविष्य में कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर और पुलिस अधिकारी बनने के साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मुखर्जी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। पदकीय दायित्वों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और राजनीति शास्त्र के शिक्षक राम प्रकाश तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही दोनों को सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, दुकान में उपलब्ध स्टॉक और पात्र हितग्राहियों को दिए जा रहे राशन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने दुकान पर सप्लाई किए जा रहे गेहूं और चावल के नमूनों का भी निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण की वास्तविक स्थिति जानी।
उचित मूल्य दुकान संचालक ने कलेक्टर को बताया कि दुकान पर कुल 516 लाभार्थी दर्ज हैं। इनमें से 400 लाभार्थियों को आज दिनांक तक राशन उपलब्ध कराया जा चुका है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मुखर्जी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की भावना के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर सुगमता से उपलब्ध कराया जाए तथा लोगों से प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

