home page

मैहरः कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मासिक बैठक का आयोजन

 | 
मैहरः कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मासिक बैठक का आयोजन


मैहर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभागृह में बुधवार दोपहर जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर मुखर्जी ने जिला मुख्यालय, तहसील, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर दो पहिया वाहन चलाने वाले सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने के निर्देश दिए । उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश आरटीओ को दिए।

बैठक में कलेक्टर ने ग्राम भदनपुर से ग्राम बारखुर्द सड़क मार्ग की मरम्मत समयसीमा में नहीं कराए जाने पर संबंधित एजेंसी अल्ट्राटेक सीमेंट के विरुद्ध नियमानुसार मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने शहरी क्षेत्र की सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई नगर पालिका परिषद द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई एवं एमपीआरडीसी को राष्ट्रीय और राज्य मार्गों से आवारा पशुओं को हटाकर गोशाला भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु में कमी लाने के लिए सड़क दुर्घटनाओं के घायलों की मदद करने वालों को राहवीर योजनांतर्गत पुरस्कृत किया जाए और पीएम राहत योजना अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर घायलों को 1 लाख 50 हजार रुपए तक का इलाज शासकीय और प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त दिया जाए। सभी अस्पताल पीएम राहत योजना के बारे में जागरूकता के लिए अनिवार्य रूप से योजना के संबंध में बैनर लगाए।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने बैठक में ट्रैफिक पुलिस को यातायात नियमों के पालन नहीं करने वालों पर चालनी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के पीएम राहत योजना अंतर्गत इलाज के समय संबंधित पोर्टल पर घटना स्थल का पता उल्लेख करने के बारे में जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए जिससे घायलों के प्रकरण समयसीमा में स्वीकृत हो सके।

कलेक्टर मुखर्जी ने बैठक में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि के प्रमुख कारणों में ओवर स्पीड, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनना शामिल हैं। उन्होंने सभी चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने तथा दो पहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने की अपील की।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ,जिला सड़क सुरक्षा समिति सचिव ईई लोक निर्माण विभाग और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी