मैहर की 112 सक्षम आंगनबाड़ियां बनीं आधुनिक, डिजिटल टीवी, वाटर फिल्टर और खेल सामग्री से सुसज्जित
मैहर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक, आकर्षक और बच्चों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में जिले के 112 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल और खेल सामग्री की व्यवस्था की गई है।
जिले के मैहर विकासखंड में 47, अमरपाटन में 27 और रामनगर में 38 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों को इन सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इन केंद्रों में बच्चों के लिए 32 इंच की एलसीडी टीवी लगाई गई है। इसके साथ ही कहानी, कार्टून, बाल गीत, मनोरंजक गतिविधियों और शैक्षणिक सामग्री से जुड़े वीडियो वाली पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराई गई है।
डिजिटल माध्यम से खेल-खेल में शिक्षा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीवी में पेन ड्राइव लगाकर रिमोट के माध्यम से बच्चों को उनकी उम्र और सीखने की क्षमता के अनुरूप शैक्षणिक एवं मनोरंजक वीडियो दिखा सकेंगी। इससे बच्चों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ दृश्य-श्रव्य माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। कहानियों, बाल गीतों और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
स्वच्छ पेयजल के साथ खेल सामग्री की सुविधा
सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाटर फिल्टर लगाए गए हैं। वहीं बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए बड़े आकार के खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें झूला, फिसलपट्टी सहित अन्य खेल सामग्री शामिल है।
इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण आहार वितरण के केंद्र तक सीमित न रखते हुए उन्हें बच्चों के लिए शिक्षा, खेल, मनोरंजन और सीखने के आकर्षक स्थान के रूप में विकसित करना है। डिजिटल टीवी, शैक्षणिक वीडियो, कहानियों, बाल गीतों और खेल सामग्री के माध्यम से केंद्रों का वातावरण बच्चों के लिए अधिक रुचिकर बनाने का प्रयास किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि इन सुविधाओं से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा और आंगनबाड़ी केंद्रों में उनकी सहभागिता तथा सीखने की रुचि को बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

