home page

गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशभर में मनाया जायेगा महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व, विविध गतिविधियां होंगी आयोजित

 | 
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशभर में मनाया जायेगा महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व, विविध गतिविधियां होंगी आयोजित


भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना से प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन : श्रीराम तिवारी

भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा पर 29 जुलाई को पूरे मध्य प्रदेश में महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में गुरु-पूजन, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, छात्र-शिक्षक संवाद तथा भारतीय गुरु-शिष्य परम्परा पर आधारित विविध गतिविधियां आयोजित होंगी।

यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की स्थापना की जायेगी। जिसका आयोजन श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि तथा भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित होगी। योजना अंतर्गत अंतर्गत 102 मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹1,00,000 की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विजेता विद्यार्थियों का चयन लॉटरी के द्वारा किया जायेगा।

श्रीराम तिवारी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व केवल उनकी लीलाओं और पराक्रम से नहीं, बल्कि महर्षि सांदीपनि के आश्रम में प्राप्त शिक्षा, संस्कार और अनुशासन से पूर्ण हुआ। वहीं उन्होंने 14 विद्याओं, 64 कलाओं तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के माध्यम से विवेक, सेवा, धैर्य, कर्तव्य, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व का पाठ सीखा। यही गुरु शिष्य परंपरा उनके जीवन की सबसे बडी शक्ति बनी और आगे चलकर उन्हें जगद्गुरु के रूप में प्रतिष्ठित किया। इसी आदर्श पर आधारित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता विद्यार्थियों को 64 कलाओं, 14 विद्याओं और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन के लिए प्रेरित कर ज्ञान, संस्कृति और संस्कार से जुडे राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि महर्षि सांदीपनि ने भगवान श्रीकृष्ण जैसे युगपुरुष का निर्माण कर विश्व को यह संदेश दिया कि श्रेष्ठ गुरु ही श्रेष्ठ समाज और श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कारों और गुरुजनों के प्रति सम्मान से पुनः जोड़ा जाए।

तिवारी ने बताया कि इसी उद्देश्य से श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना प्रारंभ की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रदेश के 51 विद्यार्थी विद्यालय से एवं 51 विद्यार्थी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय से चयन होंगे। जिन्हें श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा राशि रूपये ₹1,00,000 की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि तथा भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य भारतीय ज्ञान-विज्ञान, कला, संस्कृति, साहित्य, दर्शन और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने प्रदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सभी शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया कि वे महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व और छात्रवृत्ति योजना में सक्रिय सहभागिता कर इसे जनभागीदारी का सांस्कृतिक अभियान बनाये।

इन पुस्तकों का होगा लोकार्पण

तिवारी ने बताया कि गुरूपूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लिखित पुस्तक भारतीय गुरू परंपरा के शिल्पी महर्षि सांदीपनि, महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा प्रकाशित महर्षि सान्दीपनि श्रीकृष्ण विद्यांजलि तथा जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी द्वारा प्रकाशित पुस्तक सर्वांग का लोकार्पण भी होगा। इसके साथ ही महर्षि सांदीपनि के जीवन पर केन्द्रित एक ई-बुकलेट प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध करायी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत