home page

राजगढ़ः महाराणा प्रताप जयंती पर निकला भव्य चल समारोह,युवाओं को दिए आदर्शों पर चलने के संदेश

 | 
राजगढ़ः महाराणा प्रताप जयंती पर निकला भव्य चल समारोह,युवाओं को दिए आदर्शों पर चलने के संदेश


राजगढ़, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में रविवार को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भव्य चल समारोह और आमसभा का आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप उत्सव समिति एवं करणी सेना परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राजपूत समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 11 बजे राठी मांगलिक परिसर से शुरू हुआ चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। शोभायात्रा न्यू बस स्टैंड, नया अस्पताल, बांग कुआं, टंकी चौक, सरदार बाजार, भेरू दरवाजा और महाराणा प्रताप चौक से गुजरते हुए पुनः राठी मांगलिक परिसर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

चल समारोह में पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में सजे युवा, महिलाएं और बुजुर्ग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। खुली गाड़ियों पर महाराणा प्रताप के चित्रों और सुसज्जित झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। डीजे, ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुनों पर युवा जोश के साथ महाराणा प्रताप के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

शोभायात्रा के समापन के बाद राठी मांगलिक परिसर में आमसभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, स्वाभिमान, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष किया, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजवर्धन सिंह, पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह, करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाले समाजजनों, प्रशासन और सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक