राजगढ़ः महाराजा अजमीढ़ जयंती पर ब्यावरा हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
राजगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में महाराजा अजमीढ़ जयंती महोत्सव के तहत मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज और महिला मंडल के तत्वावधान में वल्लभा परिसर ब्यावरा में शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साह से भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा से स्वागत के बाद गणेश वंदना, महाराजा अजमीढ़ के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान फैंसी ड्रेस, जूनियर डांस, सामान्य ज्ञान, कलश डेकोरेशन, मां-बेटी कपल डांस, सीनियर सिटीजन गेम और वन मिनट ग्रुप गेम शो सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छह वर्षीय निष्ठा सोनी ने साइबर फ्रॉड से सावधान रहने का संदेश देकर लोगों को जागरूक किया। वहीं अथर्व सोनी ने पेड़ बचाने का संदेश दिया। प्रनिषा सोनी ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम में स्वर्णकार समाज अध्यक्ष उमाशंकर सोनी, युवा अध्यक्ष नटवर सोनी, महिला अध्यक्ष कंचन सोनी, पूर्व अध्यक्ष संजय पांचम और एडवोकेट मुकेश सोनी सहित समाजजन मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी गोविंद सोनी ने बताया कि महाराजा अजमीढ़ जयंती के अवसर पर रविवार दोपहर 2ः30 बजे सराफा बाजार स्थित रघुनाथजी मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ वल्लभा परिसर पहुंचेगा। यहां सम्मान समारोह सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

