home page

महाकाल ने धारण किया राजा स्वरूप, रजत मुकुट और मुंडमाला से सजे बाबा, भस्म आरती में गूंजे जयकारे

 | 
महाकाल ने धारण किया राजा स्वरूप, रजत मुकुट और मुंडमाला से सजे बाबा, भस्म आरती में गूंजे जयकारे


उज्जैन, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैनस्थितविश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भाद्रपद शुक्ल पक्ष की द्वादशी पर भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान और विशेष शृंगार के साथ संपन्न हुई। भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। गर्भगृह से लेकर नंदी हॉल तक हर-हर महादेव और बाबा महाकाल के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

मंदिर के कपाट खुलने से पहले वीरभद्रजी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया। उनकी आज्ञा के बाद चांदी द्वार खोला गया। गर्भगृह के पट खुलने पर पुजारियों ने भगवान महाकाल का पूजन किया और पूर्व शृंगार उतारने के बाद जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक-पूजन किया गया। ड्रायफ्रूट, फल और मिठाई का भोग अर्पित करने के बाद कर्पूर आरती की गई।

भस्म अर्पण के बाद राजा स्वरूप में दर्शन

भस्म आरती की प्रक्रिया में भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया और मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान किया गया। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर भस्म रमाई गई। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

भस्म अर्पण के बाद बाबा महाकाल का भांग, चंदन और सिंदूर से विशेष शृंगार किया गया। इसके बाद उन्हें रजत शेषनाग मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाओं से सजाया गया। आभूषणों से अलंकृत भगवान महाकाल का राजा स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

नंदी के कान में कही मनोकामना

भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन के साथ नंदी महाराज का भी पूजन किया। नंदीजी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही और उसके पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे