home page

बरही अग्नि हादसे की 30 दिन में पूरी होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : प्रभारी मंत्री सिंह

 | 
बरही अग्नि हादसे की 30 दिन में पूरी होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : प्रभारी मंत्री सिंह


बरही अग्नि हादसे की 30 दिन में पूरी होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : प्रभारी मंत्री सिंह


बरही अग्नि हादसे की 30 दिन में पूरी होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : प्रभारी मंत्री सिंह


- मुख्यमंत्री के निर्देश पर बरही पहुँचे प्रभारी मंत्री, घटनास्थल का किया निरीक्षण

- शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, अस्पताल पहुँचकर घायल का जाना हाल

भोपाल, 09 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सोमवार को कटनी जिले के बरही पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शोकाकुल परिवारजनों से भेंट की। बरही अग्नि हादसा में छह लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, प्रदेश में दीपावली की रात कटनी जिले के बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महीने का मासूम, दो बच्चियां, उनकी मां और दादा-दादी शामिल हैं।

पीड़ित परिवार से मिलकर जताया शोक, मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश

प्रभारी मंत्री सिंह ने शोक संतप्त परिजन से मुलाकात कर छह सदस्यों के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया तथा उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी प्रकार से संभव नहीं है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से चर्चा कर प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

30 दिन में जांच पूरी करने के निर्देश

प्रभारी मंत्री सिंह ने कलेक्टर आशीष तिवारी को घटना की परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों में संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की मजिस्ट्रियल जांच 30 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए।

घायल रितेश अग्रवाल का जाना स्वास्थ्य

प्रभारी मंत्री सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचे और अग्नि हादसे में उपचाररत 43 वर्षीय रितेश अग्रवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल एवं नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत