home page

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी पर घमासान, कांग्रेस का आरोप- व्यवस्था फेल, 7 मई को प्रदेशव्यापी चक्का जाम का ऐलान

 | 
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी पर घमासान, कांग्रेस का आरोप- व्यवस्था फेल, 7 मई को प्रदेशव्यापी चक्का जाम का ऐलान


भाेपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह विफल, अव्यवस्थित और किसान विरोधी बताया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार का प्रशासनिक तंत्र चरमरा गया है, जिसके चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर बुधवार काे भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, खरीदी और स्लॉट बुकिंग की तारीखों को बार-बार बढ़ाया जाना इस बात का संकेत है कि सरकार तैयारियों में पूरी तरह नाकाम रही है। आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया कि खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में केवल 9.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो सकी, जो सरकार की धीमी कार्यप्रणाली और कमजोर प्रबंधन को उजागर करता है।

किसानों को कई मोर्चों पर परेशानी

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसान स्लॉट बुकिंग में दिक्कत, पंजीयन पर्ची अपलोड करने में तकनीकी खामियां, भुगतान में देरी और खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि कई केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। किसान अपनी उपज बेचने के लिए घंटों नहीं, बल्कि कई दिनों तक इंतजार करने को मजबूर हैं।

औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर किसान

खरीदी में देरी के चलते हजारों किसानों को अपना गेहूं 1800 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच व्यापारियों को बेचना पड़ा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। कांग्रेस ने इसे सरकार की नीतिगत विफलता बताया है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि किसानों को समर्थन मूल्य 2625 रूपये प्रति क्विंटल दिया जाए और जिन किसानों ने मजबूरी में कम कीमत पर गेहूं बेचा है, उन्हें अंतर की राशि सीधे खातों में दी जाए। साथ ही मूंग खरीदी, सोयाबीन पर 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल के वादे और अन्य फसलों के उचित मूल्य को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा गया है।

7 मई को चक्का जाम आंदोलन

किसान मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने 7 मई 2026 को प्रदेशव्यापी चक्का जाम आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के अनुसार, भोपाल संभाग के सभी जिलों के कार्यकर्ता, किसान प्रतिनिधि और आमजन शाजापुर में एकत्र होकर आगरा-मुंबई राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के हितों की अनदेखी जारी रखी, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष तेज करेगी और किसानों के हक की लड़ाई जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे