home page

मध्य प्रदेश में आज कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, कुछ इलाकों में गर्मी रहेगी बरकरार

 | 
मध्य प्रदेश में आज कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, कुछ इलाकों में गर्मी रहेगी बरकरार


भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गुरुवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव बना रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

दूसरी ओर, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भोपाल, विदिशा, सीहोर और राजगढ़ में गर्मी का असर बना रह सकता है।

आंधी-बारिश के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को खजुराहो लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.1 डिग्री, जबलपुर में 40.5 डिग्री, भोपाल में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और इंदौर में 38.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम, ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 13 जून को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कुछ जिलों में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग ने मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों के लिए ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 13 जून को ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर और दमोह जिलों में तेज आंधी चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत