मध्य प्रदेश में मार्च में ही अप्रैल जैसी तपिश, पारा 39 डिग्री पार, 4 दिन में 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार
भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और मौसम का मिजाज अप्रैल जैसा हो गया है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। अगले चार दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। गुरुवार को नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार तापमान 39 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तौर पर प्रदेश में तेज गर्मी का दौर मार्च के दूसरे पखवाड़े में शुरू होता है, लेकिन इस बार मौसम का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले दस वर्षों में 15 मार्च के बाद तापमान तेजी से बढ़ा है, जबकि इस बार महीने की शुरुआत में ही तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के शहर इस समय सबसे ज्यादा गर्म हैं, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक टर्फ लाइन गुजर रही है और साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है, लेकिन इसका मध्य प्रदेश पर खास असर नहीं पड़ रहा है। आसमान साफ होने की वजह से सूरज की तेज धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है, जिससे दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और गर्मी का असर बढ़ गया है।
गुरुवार को प्रदेश के पांच बड़े शहरों में से चार इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि भोपाल में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा छतरपुर के खजुराहो में 36.8 डिग्री, धार में 36.6 डिग्री, दमोह, सागर और श्योपुर में 36.4 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री तथा गुना और टीकमगढ़ में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शाजापुर, मंडला और सतना में भी पारा 35 डिग्री या उससे अधिक रहा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है और कई जगहों पर यह 18 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए। इस साल अप्रैल और मई के महीनों में 15 से 20 दिन तक लू चलने की आशंका है। अनुमान के मुताबिक इन दोनों महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

