home page

मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में भोपाल-ग्वालियर सहित 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में भोपाल-ग्वालियर सहित 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट


- कुछ जगह ओले गिरने की भी संभावना, 7 अप्रैल तक एक्टिव रहेंगे चक्रवाती सिस्टम

भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के असर से प्रदेश में लगातार चौथे दिन भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। शुक्रवार को 20 से अधिक जिलों में इसका असर देखा गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भोपाल और ग्वालियर सहित 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, प्रदेश के मध्य हिस्से से एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी ऊपरी स्तर पर सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम भी बने हुए हैं।

इन सभी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से रोजाना 30 से 35 जिलों में मौसम बदल रहा है। शनिवार को जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले-बारिश का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले चार दिनों यानी 7 अप्रैल तक प्रदेश में तेज आंधी चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 30 से 40 किमी प्रतिघंटा रहेगी। 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय होने वाला है, जिससे 10 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं आंधी तो कहीं बारिश का असर बना रह सकता है।

हालांकि, इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा और गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी, जबकि महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन और खजुराहो जैसे इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाओं के कारण भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत